मानसिक स्वास्थ्य के लिए प्रबंधन और संतुलित जीवनशैली जरूरी: डॉ. संतोष कुमार वर्मा
मेडिकल कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लघु नाटिका से दिया संदेश
– इस्लाम खां, मुख्य संवाददाता।
INDIA NEWS PUNCH
www.indianewspunch.com
(Digital Website News channel)
गोण्डा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शनिवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मानसिक स्वास्थ्य, तनाव व चिंता प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार वर्मा ने तनाव संतुलन, चिंता प्रबंधन और व्यक्तिगत-व्यावसायिक जीवन में सामंजस्य की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए तनाव प्रबंधन और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव जरूरी हैं। बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने संतुलित उपयोग और स्वस्थ आदतों पर जोर दिया।
पैरामेडिकल एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने लघु नाटिका के माध्यम से तनाव से निपटने, मानसिक समस्याओं को समझने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), चिकित्सा अधीक्षक (एमएस), मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. नूपुर पॉल, सीनियर रेजिडेंट डॉ. अज़हर, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन के रेजिडेंट्स तथा मनोचिकित्सा विभाग और एनसीडी इकाई के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तनाव-चिंता के प्रभावी प्रबंधन से स्वस्थ, संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।