TSCT गोण्डा ने आठ शिक्षकों को दिए कन्यादान सहयोग के चेक, 4.08 लाख रुपये की सहायता वितरित
बीएसए अमित कुमार सिंह ने लाभार्थियों को सौंपे चेक, शिक्षक परिवारों के हित में संगठन के प्रयासों की सराहना की
इस्लाम खां, मुख्य संवाददाता।
INDIA NEWS PUNCH
www.indianewspunch.com
(Digital Website News channel)
GONDA (गोण्डा) 28 अक्टूबर 2026। टीचर्स सेल्फ केयर टीम (TSCT) जनपद गोण्डा की ओर से शिक्षक परिवारों के सहयोग की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। संगठन के जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आठ शिक्षकों को कन्यादान सहयोग के तहत 51-51 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इस प्रकार कुल चार लाख आठ हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान TSCT गोण्डा की जिला टीम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर उन्हें संगठन की विचार क्रांति पत्रिका भेंट की गई तथा शिक्षकों और उनके परिवारों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं सहयोगात्मक कार्यों की जानकारी दी गई। बीएसए ने स्वयं आठ लाभार्थियों को कन्यादान सहयोग के चेक प्रदान किए।
शिक्षक परिवारों के लिए संबल बन रहा TSCT
गोंडा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने TSCT की ओर से शिक्षकों एवं उनके परिवारों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने संगठन की सहयोगात्मक भावना की प्रशंसा करते हुए इससे जुड़ने की इच्छा भी व्यक्त की।
संगठन के जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि TSCT गोण्डा अब तक जनपद के 11 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को प्रति परिवार 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुका है। इसके अतिरिक्त संगठन की ओर से पूर्व में 18 कन्यादान सहयोग भी प्रदान किए जा चुके हैं। प्रत्येक लाभार्थी को 51 हजार रुपये की सहायता दी गई थी।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आपसी सहयोग के माध्यम से शिक्षक परिवारों को संकट की घड़ी में आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि कठिन परिस्थितियों में उन्हें सहारा मिल सके।
ये आठ शिक्षक बने कन्यादान सहयोग के लाभार्थी
गोंडा। कन्यादान सहयोग के तहत चेक प्राप्त करने वाले शिक्षकों में चक्रधारी सिंह, जलील खान, मनसब अली खान, राजेंद्र कुमार, राजेश कुमार तिवारी, अशोक कुमार पाण्डेय, राम अनुज वर्मा एवं धर्मेंद्र कुमार शामिल रहे।
जिला टीम के पदाधिकारी रहे मौजूद
गोंडा। कार्यक्रम में जिला समन्वयक राजेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी समय प्रकाश पाठक, जिला संरक्षक श्रीपाल सिंह, जिला सह-संयोजक जगदम्बा प्रसाद चौरसिया, अरविंद कुमार, अरविंद सिंह, जिला कन्यादान सह-प्रभारी मनोज कुमार कठेरिया, रमापति पाण्डेय, जिला कोषाध्यक्ष एवं आईटी सेल प्रभारी अनिल कुमार चौरसिया तथा पंडरी कृपाल के ब्लॉक अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा NSCT के जिलाध्यक्ष अजय कुमार पाठक और जिला आईटी सेल प्रभारी राजेश सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में TSCT गोण्डा की जिला टीम ने शिक्षक परिवारों के हित में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ आगे भी कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।