भरत तिवारी इनकाउंटर को कांग्रेस नेता ने बताया मर्डर
‘ठोंको नीति’ पर उठाए सवाल, प्रमोद मिश्र ने बिहार व यूपी सरकार को घेरा
गोंडा में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष बोले— अदालतों की सुनवाई के बिना किसी को दोषी ठहराकर कार्रवाई करना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं।
इस्लाम खां, मुख्य संवाददाता।
India news punch
गोंडा। बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गोंडा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने कथित ‘ठोंको नीति’ की आलोचना करते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों पर सवाल उठाए हैं।
प्रमोद मिश्र ने जारी बयान में कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून और संविधान के तहत निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अदालतों का फैसला आने से पहले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई न्याय व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनमाने ढंग से किए जा रहे एनकाउंटरों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बिहार की सरकार तथा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को इस मुद्दे पर कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कानून का राज तभी स्थापित होगा जब हर मामले में विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
प्रमोद मिश्र ने कहा कि अपराध पर सख्ती आवश्यक है, लेकिन कार्रवाई संविधान और कानून के दायरे में रहकर ही होनी चाहिए। उन्होंने सरकारों से ऐसे मामलों में पारदर्शिता बरतने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।