रामकथा महोत्सव में जुटेंगे कई बड़े संत धर्माचार्य
कथा में 20 नवंबर को आएंगे सीएम योगी।
17 नवंबर को संतों की मौजूदगी में होगा नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, देश-विदेश से जुटेंगे साधु-संत और महामंडलेश्वर।
इस्लाम खां, मुख्य संवाददाता।
INDIA NEWS PUNCH
(Digital Website News channel)
www.indianewspunch.com
GONDA (गोण्डा) । जिले के जानकीनगर स्थित जयप्रभा ग्राम में आयोजित होने जा रहे नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 17 से 25 नवंबर तक महाराजगंज स्थित चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर के पंडित दीनदयाल शोध संस्थान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश की कई प्रमुख आध्यात्मिक हस्तियां शिरकत करेंगी। कथा के शुभारंभ अवसर पर 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और योग गुरु बाबा रामदेव पहुंचेंगे। दोनों संतों की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज की श्रीराम कथा का विधिवत शुभारंभ होगा।
महोत्सव में 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित आगमन भी विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन में विभिन्न अखाड़ों के संतों, महामंडलेश्वरों और देश-विदेश से आने वाले साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन अध्यक्ष महंत आलोक दास जी महाराज के मुताबिक संत समागम इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। इसे लेकर आयोजन समिति और प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
एसपी ने भारी पुलिस बल के साथ किया निरीक्षण
महोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार शाम एसडीएम, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने आयोजन अध्यक्ष महंत आलोक दास जी महाराज के साथ कथा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और संतों के ठहरने की व्यवस्था, भंडारा स्थल, हेलीपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। आयोजन में श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात किए जाने की तैयारी है।
नानाजी देशमुख के ग्राम विकास के सपने का साक्षी है जयप्रभा ग्राम
जयप्रभा ग्राम केवल एक आयोजन स्थल ही नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की एक महत्वपूर्ण प्रयोगस्थली के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखता है। पूर्व सांसद और समाजसेवी नानाजी देशमुख ने वर्ष 1978 में गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर जिले की सीमा के निकट करीब 50 एकड़ क्षेत्रफल में इस गांव की स्थापना की थी। उनका उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन के अनुरूप गांवों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना था।