शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में न रहे कोई कमी : श्यामलाल पाल

सपा प्रदेश अध्यक्ष और श्रावस्ती सांसद ने देवीपाटन मंडल में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर।
इस्लाम खां, मुख्य संवाददाता।
INDIA NEWS PUNCH
www.indianewspunch.com
(Digital Website News channel)
गोण्डा। शिक्षक एमएलसी निर्वाचन को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के देवीपाटन मंडल प्रभारी एवं श्रावस्ती के सांसद चौधरी रामशिरोमणि वर्मा ने मंडल में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और चुनावी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली गई।
समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की पहुंच प्रत्येक बूथ तक सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव के दौरान बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन बना रहे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करती रही है।
वहीं, सांसद चौधरी रामशिरोमणि वर्मा ने जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन और जिला प्रभारी प्रो. मंशाराम वर्मा से बूथवार पदाधिकारियों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार पांडेय से भी बूथ स्तर पर चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के जिम्मेदार पदाधिकारियों से बातचीत कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
सांसद वर्मा ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत के रूप में सामने आएगा। उन्होंने चुनावी तैयारियों के दौरान किसी भी समस्या के आने पर सीधे संपर्क करने को कहा।
इस अवसर पर प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार पांडेय ने बूथवार तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में समाजवादी पार्टी के मंडल प्रभारी विनोद कुमार श्रीवास्तव, समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव डॉ. पुनीत कुमार कनौजिया, जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह, मुहम्मद शाहिद, मुहम्मद जकी, सिद्धार्थ सिंह, जिला प्रवक्ता जावेद मंटू, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल एवं सांसद चौधरी रामशिरोमणि वर्मा का भव्य स्वागत किया।